रूपेन्द्र साहू की रिपोर्ट
राजनांदगांव । प्र देश के जनप्रिय एवं किसान हितैषी विधायक भोलाराम साहू ने आज विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान खुज्जी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े जल संसाधन विभाग के महत्वपूर्ण विषय को मजबूती से सदन में उठाया। उन्होंने क्षेत्र में प्रस्तावित एवं स्वीकृत सिंचाई कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति, वित्तीय प्रावधान एवं तकनीकी अनुमोदन में हो रही देरी पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
विधायक साहू ने सदन को अवगत कराया कि खुज्जी क्षेत्र के लिए प्रस्तावित 16 सिंचाई संबंधी कार्यों में से मात्र 1 कार्य को 4 करोड़ 9 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जबकि शेष 15 कार्य अभियंता स्तर पर लंबित हैं। उन्होंने प्रश्न उठाया कि जब योजनाएं सभी आवश्यक प्रक्रियाओं से गुजर चुकी हैं, तो उन्हें विभागीय स्तर पर रोके रखने का क्या कारण है?
उन्होंने कहा कि नहर लाइनिंग, माइनर एवं सब माइनर निर्माण, एनीकट, स्टॉपडैम तथा पाइपलाइन विस्तार जैसी योजनाएं सीधे तौर पर किसानों की सिंचाई सुविधा, फसल उत्पादन और आय वृद्धि से जुड़ी हुई हैं। खुज्जी विधानसभा क्षेत्र कृषि प्रधान है, जहां अधिकांश किसान वर्षा आधारित खेती पर निर्भर हैं। यदि सिंचाई परियोजनाओं को समय पर स्वीकृति एवं बजट नहीं मिलेगा, तो किसानों को हर सीजन आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
विधायक साहू की प्रमुख मांगें:
लंबित 15 कार्यों को तत्काल प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की जाए।
तकनीकी परीक्षण एवं अनुमोदन की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब रोका जाए।
स्वीकृत कार्यों हेतु वित्तीय प्रावधान शीघ्र जारी कर टेंडर प्रक्रिया एवं कार्यादेश समयबद्ध पूर्ण किए जाएं।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता नियंत्रण के लिए नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
लंबित फाइलों के संबंध में जिम्मेदारी तय कर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
विधायक साहू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि एक कार्य को 4 करोड़ 9 लाख रुपये की स्वीकृति मिल सकती है, तो शेष योजनाओं को रोके रखना किसानों के साथ अन्याय है। उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या संसाधनों की कमी है या विभागीय लापरवाही, जिसके कारण 15 योजनाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं?
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सिंचाई व्यवस्था मजबूत होने से क्षेत्र में फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा, उत्पादकता में वृद्धि होगी तथा किसानों की आय में उल्लेखनीय सुधार आएगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त आधार मिलेगा।
सदन में उठाए गए इस मुद्दे को क्षेत्र के किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने सराहा है। अंत में विधायक भोलाराम साहू ने कहा कि जब तक खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के सभी लंबित सिंचाई कार्यों को स्वीकृति और बजट नहीं मिल जाता, तब तक वे किसानों की आवाज बनकर सदन में संघर्ष जारी रखेंगे।
