राघवेन्द्र शर्मा की रिपोर्ट
उरई (जालौन)। रेंढर थाना क्षेत्र के पजौनियां गांव में शनिवार रात जमीन को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक से घर लौट रहे एक रिटायर्ड सेना जवान को परिजनों के ही लोगों ने गांव के कुछ साथियों के साथ मिलकर गोली मार दी। पेट में गोली लगने से पूर्व सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पजौनियां निवासी अरविंद सिंह भदौरिया के पिता, जो सेना से सेवानिवृत्त हैं। वह शनिवार रात फार्म हाउस से बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में बड़े भाई के बेटे सुमित सिंह भदौरिया और गांव के संजय सिंह भदौरिया ने अपने साथियों के साथ उन्हें रोक लिया। पहले कहासुनी हुई और फिर तमंचे से फायर कर दिया गया। गोली सीधे पेट में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।घायल ने किसी तरह फोन कर बेटे को सूचना दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झांसी हायर सेंटर रेफर कर दिया।घायल के बेटे अरविंद सिंह ने आरोप लगाया कि जमीन और पुरानी पारिवारिक रंजिश को लेकर आरोपित लंबे समय से दबाव बना रहे थे। उनका कहना है कि इससे पहले भी पिता और छोटे भाई पर हमला किया जा चुका है, लेकिन इस बार जानलेवा गोली मार दी गई।घटना की सूचना मिलते ही रेंढ़र थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और ग्रामीणों से पूछताछ की गई। माधौगढ़ सर्कल के क्षेत्राधिकारी अंबुज यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
