नकली नोट बनाने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ दो अभियुक्त गिरफ्तार

Blog

 

सुशील कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

बांदा जनपद के थाना कोतवाली नगर एवं एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने नकली भारतीय मुद्रा तैयार कर बाजार में खपाने वाले एक संगठित अन्तरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से ₹1,12,500 मूल्य के जाली नोट तथा नकली नोट बनाने में प्रयुक्त उपकरण व सामग्री बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार दिनांक 04 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि दो व्यक्ति थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के कनवारा चौराहे के पास, महोबा रोड की ओर से नकली भारतीय मुद्रा लेकर आ रहे हैं और उसे बाजार में चलाने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध अवस्था में खड़े दो व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पुलिस को देखकर दोनों भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से ₹500 के 225 जाली नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत ₹1,12,500 है। जांच में यह भी सामने आया कि सभी जाली नोटों पर एक ही सीरियल नंबर अंकित था, जिससे इनके सुनियोजित रूप से तैयार किए जाने की पुष्टि हुई।
अभियुक्तों की तलाशी के दौरान नकली नोट बनाने में प्रयुक्त प्रिंटर, विभिन्न रंगों की इंक बोतलें, कटर, फ्रेम, टेप, ब्रश, इमल्शन, डाई, पीवीसी शीट, विशेष प्रकार का कागज सहित अन्य तकनीकी सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे असली ₹500 के नोट को सैम्पल के रूप में उपयोग कर उसकी नकल तैयार करते थे और जाली नोटों को बाजार में खपाने की योजना बना रहे थे। पुलिस द्वारा अभियुक्तों के अन्य सहयोगियों एवं गिरोह के नेटवर्क के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। इस संबंध में थाना कोतवाली नगर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *