अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा।।-* प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार का ‘मिशन रोजगार’ अभियान जनपद में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी क्रम में निदेशक, सेवायोजन निदेशालय, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशानुसार क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, बांदा द्वारा शनिवार को विधानसभा क्षेत्र बबेरू में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। उमाशंकर गुप्त, लवकुश बालिका विद्यालय, ओरन रोड, बबेरू में प्रातः 10:30 बजे से शुरू हुए इस रोजगार मेले को लेकर क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
*16 कम्पनियों नें किया रोजगार मेले में प्रतिभाग*
सरकार की इस पहल के तहत आयोजित मेले में प्रदेश एवं प्रदेश के बाहर की विभिन्न 16 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया।
मेले में रोजगार की तलाश में पहुंचे लगभग 250 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया और विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार दिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों की योग्यता और कौशल के आधार पर गहन साक्षात्कार लेने के पश्चात कुल 120 बेरोजगार युवाओं का अंतिम रूप से चयन किया गया। अपने ही गृह जनपद और विधानसभा क्षेत्र में नामी कंपनियों में नौकरी का अवसर पाकर चयनित युवाओं के चेहरे खिल उठे और उन्होंने प्रदेश सरकार की इस रोजगार नीति की सराहना की।
*सहायक निदेशक सेवयोजन, सेवायोजन अधिकारी समेत कई अधिकारी रहे मौजूद*
इसके पहले इस एक दिवसीय रोजगार मेले का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि माननीय पूर्व विधायक चन्द्रपाल कुशवाहा द्वारा किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर हाथ को काम देना है और ऐसे आयोजनों से ग्रामीण व कस्बाई क्षेत्रों के युवाओं को सीधे बड़ी कंपनियों से जुड़ने का मंच मिल रहा है। इस अवसर पर सहायक निदेशक, सेवायोजन वकील अहमद अंसारी, जिला सेवायोजन अधिकारी मोहित जायसवाल एवं सेवायोजन कार्यालय का समस्त स्टाफ प्रमुख रूप से उपस्थित रहा और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।