बिचौली में महिला से एक लाख रुपये और जेवर लूटने का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

अभिवादन एक्सप्रेस ब्यूरो प्रमुख जिला जालौन

उरई (जालौन)। कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम बिचौली में एक महिला ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर एक लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर लूटने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

ग्राम मदारीपुर निवासी राधाबल्लभ उर्फ लला त्रिपाठी और उसके तीन-चार साथियों पर आरोप लगाते हुए सोनम पत्नी हरिओम वाल्मीकि ने बताया कि 17 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे वह अपने पति के साथ दुर्घटना में घायल हुए अपने ममिया ससुर को देखने राजपुरा जा रही थी। उसके पास एक लाख रुपये भी थे। आरोप है कि ग्राम बिचौली के बाहर गंदे नाले की पुलिया पर राधाबल्लभ अपने साथियों के साथ मिला और सभी ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान राधाबल्लभ ने लाइसेंसी पिस्टल से कई राउंड फायरिंग की और जान-माल की धमकी देते हुए एक लाख रुपये तथा महिला के पहने हुए जेवर छीन लिए।

पीड़िता के अनुसार, उसके शोर मचाने पर बिचौली निवासी सुभाष और विजय मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान राधाबल्लभ ने पिस्टल की मूठ से सुभाष के सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद लोगों ने आरोपी को पिस्टल सहित पकड़कर कुठौंद थाना पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से भाग गए।

महिला ने आरोप लगाया कि सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस आरोपी को छोड़कर चली गई। वहीं, थाना पुलिस ने सुभाष का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसका ही चालान कर दिया, जबकि उसकी शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।

पीड़िता सोनम ने 19 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में निष्पक्ष जांच कराने, रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *