निज संवाददाता की रिपोर्ट
0-आतिशबाजी रहेगी आकर्षण का केंद्र, श्री बाराही देवी मंदिर मेला ग्राउंड में रावण दहन की तैयारियां अंतिम चरण में
जालौन। विजयादशमी के पर्व पर बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रावण दहन की तैयारियां नगर में अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नगर के श्री बाराही देवी मंदिर मेला ग्राउंड में इस बार करीब 60 फुट ऊंचे रावण के पुतले का निर्माण कराया जा रहा है। पुतले को अंतिम रूप देने में युवा कारीगर साहिल खान अपनी टीम के साथ दिन-रात जुटे हुए हैं। इस बार रावण के पुतले को आकर्षक बनाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल तकनीक का भी प्रयोग किया जा रहा है।
नगर में दशहरा पर्व पर रावण का पुतला बनाने और दहन करने की परंपरा वर्षों पुरानी है। लंबे समय तक यह जिम्मेदारी कासिम चच्चा निभाते रहे। करीब तीन वर्ष पूर्व उनके निधन के बाद साहिल ने इस परंपरा को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभाली है। साहिल अब अपने हुनर से रावण के पुतले को नया और आकर्षक रूप देने में जुटे हैं।
इस वर्ष तैयार किए जा रहे 60 फुट ऊंचे रावण के पुतले को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है। रावण दहन के दौरान विशेष आतिशबाजी भी की जाएगी, जो लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। आयोजन को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह है।
दमोह और दिबियापुर में भी बना चुके हैं पुतले
युवा कारीगर साहिल खान इससे पहले दमोह और दिबियापुर सहित अन्य स्थानों पर भी रावण के पुतलों का निर्माण कर चुके हैं। कासिम चच्चा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए साहिल अब आधुनिक तकनीक के साथ पुतलों को नया स्वरूप देने का प्रयास कर रहे हैं। दशहरा पर्व नजदीक आने के साथ ही मेला ग्राउंड में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।