बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। शारदीय नवरात्रि के पांचवें दिन गुरुवार को देवी भक्तों ने मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। सुबह से ही नगर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। घंटी-घड़ियाल की ध्वनि और ‘जय माता दी’ के जयकारों से नगर समेत ग्रामीण क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया।
देवी भक्तों ने मंदिरों में पहुंचकर माता रानी को चुनरी, चंदन, पुष्प आदि अर्पित कर पूजा-अर्चना की। नगर स्थित बड़ी माता मंदिर, छोटी माता मंदिर समेत विभिन्न मोहल्लों में स्थित देवी मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिलाओं और बच्चों ने भी माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
नगर के मोहल्ला नारोभास्कर में पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल याज्ञिक तथा समाजसेवी राजकुमार के यहां विराजमान माता रानी की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। यहां प्रथम आरती नगर पालिका अध्यक्ष नेहा मित्तल तथा प्रतिनिधि पुनीत मित्तल ने की। शाम होते ही देवी पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई और माता रानी के जयकारों से आसपास का क्षेत्र गूंज उठा।
वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी शारदीय नवरात्रि की धूम रही। लहचूरा, खनुआ, गिदौसा, धंतौली, धनोरा, मकरंदपुरा, उरगांव समेत आसपास के गांवों में देवी मंदिरों और पंडालों में भक्तों ने मां स्कंदमाता की आराधना की। जगह-जगह देवी गीत, भजन और कीर्तन के आयोजन से माहौल भक्तिमय बना रहा।