सोनू करबरिया की रिपोर्ट
नरैनी। कोतवाली क्षेत्र के पनगरा गांव में रविवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दिवंगत चंदा वर्मा का पुत्र छुट्टू आठ भाइयों में चौथे नंबर का था। वह परिवार से अलग रहकर खेती और मजदूरी करके गुजर-बसर करता था। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब दो वर्ष पूर्व उसने प्रेम विवाह किया था। उसकी अभी कोई संतान नहीं थी।
मृतक की पत्नी लक्ष्मी ने बताया कि उनके पास मात्र दो-तीन बिस्वा जमीन है, जिससे परिवार का खर्च चलाना मुश्किल था। पति मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे, लेकिन कभी काम मिलता था तो कभी नहीं। पत्नी के मुताबिक, दो दिन पहले घरेलू सामान लाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, हालांकि घर में कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ था। आर्थिक परेशानियों के चलते पति तनाव में रहते थे।
वहीं, कुछ ग्रामीणों ने युवक के शराब पीने का आदी होने की बात भी कही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।