अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। जिला वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन के कार्यालय में रविवार को आयोजित बैठक में आगामी क्रिकेट मैचों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिला वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी सुनील सक्सेना ने बताया कि 04 अक्टूबर 2026 को डॉ. गौर हरि सिंघानिया इंटर डिस्ट्रिक्ट वेटरन्स टी-20 क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया, जिसमें बांदा वेटरन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हमीरपुर वेटरन्स को मात दी।
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हमीरपुर वेटरन्स ने निर्धारित 20 ओवर में 115 रन बनाए। टीम की ओर से जयदीप त्रिपाठी ने 35 रन तथा कप्तान शमशाद नबी ने 36 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांदा वेटरन्स की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 17.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। बांदा की ओर से हर्षित सिंह ने 36 रन, प्रदीप गुप्ता ने 21 रन, दिलीप सिंह ने 19 रन तथा शेखू ने 13 रन बनाए।
गेंदबाजी में बांदा वेटरन्स के तरुण नंदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। सैय्यद अहमद ने 4 ओवर में 12 रन देकर 2 विकेट, जबकि जीतू यादव ने 4 ओवर में 23 रन देकर 1 विकेट, संदीप नामदेव ने 2 ओवर में 10 रन देकर 1 विकेट और राममिलन ने 2 ओवर में 11 रन देकर 1 विकेट लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए तरुण नंदा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
जिला वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रमौली भारद्वाज ने बताया कि बांदा वेटरन्स का अगला मुकाबला 11 अक्टूबर 2026 को महोबा से होगा। बैठक में आगामी मैच को लेकर समीक्षा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अध्यक्ष ने सभी खिलाड़ियों से अनुशासन, एकता और खेल भावना के साथ मैदान पर उतरने की अपील की।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आगामी मुकाबले में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई।