अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। शहर के कालू कुआं तिंदवारी रोड स्थित हीरो मोटरसाइकिल के अधिकृत शोरूम एवं वर्कशॉप मयूर मोटर्स में सोमवार रात अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और करीब 10 घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।
मयूर मोटर्स के संचालक अशोक अग्रवाल ने बताया कि रविवार (7 सितंबर 2026) की रात करीब 8:45 बजे वर्कशॉप बंद करने के बाद जब कर्मचारी शोरूम बंद कर रहे थे, तभी अचानक वर्कशॉप से धुआं उठता दिखाई दिया। कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, जबकि उनके छोटे भाई अनूप कुमार ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगातार करीब 10 घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान शहर कोतवाली पुलिस और चौकी पुलिस की टीम ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग करते हुए आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जिससे आग के और अधिक फैलने से बचाव हो सका।
अग्निकांड में वर्कशॉप में रखे स्पेयर पार्ट्स जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार 50 से 60 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना कोतवाली नगर पुलिस को दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।