शिव शर्मा की रिपोर्ट
*सूरजपुर।* शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार, स्काउटिंग तथा सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सूरजपुर जिले के दो शिक्षकों कृष्ण कुमार ध्रुव, व्याख्याता एवं स्काउट रोवर लीडर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटेया, विकासखंड प्रेमनगर तथा श्रीकांत पाण्डेय, शिक्षक, एवं स्काउट मास्टर, शासकीय माध्यमिक शाला कैलाशपुर विकासखंड रामानुजनगर का वर्ष 2026-27 के लिए राज्यपाल सम्मान हेतु नामिनेशन शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव द्वारा किया गया है।
दोनों शिक्षकों ने अपने शैक्षणिक दायित्वों के साथ-साथ भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनके नेतृत्व में स्काउट-रोवर गतिविधियों ने ब्लॉक एवं जिला स्तर से आगे राज्य स्तर पर भी उल्लेखनीय पहचान बनाई है।
*शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता में सक्रिय भागीदारी*
कृष्ण कुमार ध्रुव एवं श्रीकांत पाण्डेय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारी एवं गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के साथ विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। नशा मुक्ति अभियान, बाल विवाह रोकथाम, स्वच्छता अभियान, मतदाता जागरूकता अभियान सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों में दोनों शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी रही है।
शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों एवं समुदाय के बीच जागरूकता फैलाने के साथ सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है। शिक्षा को केवल कक्षा तक सीमित न रखकर समाज और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की दिशा में इनके प्रयास सराहनीय रहे हैं।
*नवाचार और डिजिटल पहल में भी योगदान*
कृष्ण कुमार ध्रुव राज्य स्तरीय नवाचारी समूह में जिला एडमिन के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। उनके द्वारा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को नवाचार आधारित गतिविधियों से जोड़ने तथा शिक्षा में रचनात्मक एवं प्रभावी प्रयोगों को प्रोत्साहित करने का कार्य किया जा रहा है। वहीं श्रीकांत पाण्डेय भी विद्यालयीन शिक्षा के साथ स्काउटिंग गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व एवं सेवा भावना विकसित करने में निरंतर सक्रिय हैं।
*स्काउटिंग के माध्यम से जिले का नाम रोशन*
दोनों शिक्षकों ने स्काउटिंग को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का माध्यम बनाते हुए विभिन्न प्रशिक्षण, शिविर, जागरूकता अभियान एवं सेवा गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनके प्रयासों से प्रेमनगर एवं रामानुजनगर क्षेत्र के विद्यार्थियों को ब्लॉक से लेकर जिला एवं राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला है।
शिक्षा, अनुशासन, सेवा, सामाजिक जागरूकता और नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे इन सतत प्रयासों को देखते हुए वर्ष 2026-27 के राज्यपाल सम्मान के लिए नामिनेशन को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। शिक्षकों के इस चयन से शिक्षा जगत, स्काउटिंग परिवार एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का वातावरण है।
दोनों शिक्षकों के नामिनेशन को शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।