शिव शर्मा की रिपोर्ट
अम्बागढ़ चौकी :-भारतीय जनता पार्टी से जुड़कर राष्ट्रसेवा और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी रियाजुद्दीन ‘राजू’ कुरैशी ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि भाजपा से जुड़ना उनके लिए केवल राजनीतिक जीवन का हिस्सा नहीं, बल्कि देश और समाज के लिए कुछ बेहतर करने का संकल्प है।
रियाजुद्दीन ‘राजू’ कुरैशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। देश में विकास की गति बढ़ी है और गरीब, किसान, युवा, महिला तथा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की भावना के साथ काम करते हैं।
उन्होंने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि भाजपा संगठन के साथ कार्य करते हुए उन्हें लगातार समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जाने, लोगों से संवाद करने और उनकी समस्याओं को समझने का अवसर मिला। संगठन में कार्यकर्ता को केवल पद की दृष्टि से नहीं, बल्कि उसकी मेहनत और समर्पण के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। यही भाजपा की संगठनात्मक शक्ति है।
*अल्पसंख्यक समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना प्राथमिकता*
कुरैशी ने कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा के माध्यम से उनका विशेष प्रयास है कि अल्पसंख्यक समाज के युवाओं, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचे। उनका मानना है कि किसी भी समाज का विकास तभी संभव है, जब शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और विकास के अवसर सभी वर्गों तक समान रूप से पहुंचें।
उन्होंने कहा कि समाज में भ्रम और दूरी पैदा करने के बजाय संवाद और विश्वास का वातावरण बनाना जरूरी है। भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में वे लोगों के बीच जाकर राष्ट्रहित, विकास और सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
*मेरे लिए पद नहीं, सेवा महत्वपूर्ण*
रियाजुद्दीन ‘राजू’ कुरैशी ने कहा कि राजनीति उनके लिए व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का माध्यम नहीं है। “मेरे लिए पद से ज्यादा महत्वपूर्ण जनता का विश्वास और संगठन के प्रति जिम्मेदारी है। मैं जिस भी दायित्व में हूं, पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ संगठन तथा समाज के लिए काम करना मेरा प्रयास है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। भाजपा के एक कार्यकर्ता के रूप में वे संगठन को मजबूत करने, सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और समाज के जरूरतमंद लोगों की आवाज बनने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
कुरैशी ने कहा कि “भाजपा ने मुझे संगठन के माध्यम से समाज के बीच काम करने का अवसर दिया है। मेरा प्रयास रहेगा कि इस विश्वास और जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाऊं तथा राष्ट्रहित और जनसेवा के कार्यों में अपना योगदान देता रहूं।”