मंदसौर/नाहरगढ (तुलसीराम राठौर)– दशपुर नगरी का यह सौभाग्य है कि यहां सदियों से चली आ रही धार्मिक एवं लोकपरंपराओं को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इसी क्रम में प्रकृति, कृषि, पर्यावरण, सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना से जुड़ा पारंपरिक भुजरिया पर्व मंगलवार को मंदसौर नगर में श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया।
पूज्य किन्नर गुरु अनीता दीदी के नेतृत्व में भुजरिया पर्व के अवसर पर शुक्ला चौक से भव्य शोभायात्रा एवं विशाल चल समारोह निकाला गया। इस अवसर पर 100 से अधिक किन्नर समाजजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। किन्नर समाजजनों ने पारंपरिक उत्साह के साथ नृत्य करते हुए, ईश्वर के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की तथा प्रकृति और पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए नगरवासियों को भुजरिया पर्व की शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, धर्मप्रेमी नागरिक, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। किन्नर समाजजनों की विशेष उपस्थिति और पारंपरिक उल्लास ने पूरे आयोजन को आकर्षण का केंद्र बना दिया। भुजरिया की मंगलकामना के साथ सभी को आशीर्वाद देते हुए शोभायात्रा मां शिवना के पावन तट की ओर आगे बढ़ी।
शोभायात्रा शुक्ला चौक से जाटों का मंदिर, कालाखेत, बड़े बालाजी, बस स्टैंड, भारत माता चौराहा, कालिदास मार्ग, आजाद चौक, घंटाघर, सदर बाजार, मंडी गेट, जगतपुरा पुलिया एवं वीर सावरकर पुलिया होते हुए शिवना नदी तट पहुंची। मार्ग में नगर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों तथा नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
भुजरिया पर्व के अवसर पर नगर एवं जिले में अच्छी वर्षा, खेतों में लहलहाती फसल, कृषि की उन्नति, पर्यावरण संरक्षण, सुख-शांति, समृद्धि तथा लोककल्याण की मंगलकामना की गई। भुजरिया को मां शिवना के पावन तट पर विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक अर्पित कर सामूहिक प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता, सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित, कांग्रेस नेता एवं मंदसौर विधायक विपिन जैन, भाजपा नेता विनय दुबेला सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं के पदाधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों ने शोभायात्रा में सहभागिता की और भुजरिया पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पूज्य किन्नर गुरु अनीता दीदी ने कहा कि भुजरिया पर्व हमारी प्राचीन लोकपरंपरा, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामूहिक मंगलकामना का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति, पर्यावरण और कृषि के महत्व का संदेश देता है। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि मंदसौर नगर एवं पूरे जिले में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे, पर्याप्त वर्षा हो तथा किसानों के खेतों में अच्छी एवं भरपूर फसल हो।
उन्होंने कहा कि भुजरिया पर्व के माध्यम से किन्नर समाज द्वारा नगरवासियों के लिए मंगलकामना एवं आशीर्वाद की परंपरा निभाई जाती है। इसी भावना के साथ बड़ी संख्या में किन्नर समाजजन शोभायात्रा में सम्मिलित हुए और नृत्य एवं भक्ति के माध्यम से अपनी आस्था व्यक्त करते हुए मां शिवना के पावन तट पर पहुंचकर नगर एवं जिले के सर्वांगीण सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
भुजरिया पर्व का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता, भाईचारे, प्रकृति संरक्षण और सांस्कृतिक एकता का सुंदर संदेश देता नजर आया। पूरे नगर में पर्व को लेकर उत्साह और उमंग का वातावरण रहा। इस अवसर पर पूज्य किन्नर गुरु अनीता दीदी ने भुजरिया पर्व के इस भव्य आयोजन को सफल एवं गरिमामय बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
उन्होंने शोभायात्रा के मार्ग में स्वागत मंचों के माध्यम से आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन करने वाले सभी बंधुओं, शोभायात्रा में सहभागी बनने वाली मातृशक्ति, युवा शक्ति एवं समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, तथा विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। साथ ही आयोजन की सकारात्मक एवं प्रभावी कवरेज करने वाले समस्त पत्रकार बंधुओं एवं मीडिया साथियों, सुरक्षा एवं व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं पुलिस जवानों, नगर की स्वच्छता व्यवस्था में अपना योगदान देने वाले नगर पालिका के समस्त सफाईकर्मी बंधुओं, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने वाले यातायात विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था में प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी बंधुओं का हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। अनीता दीदी ने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग, सहभागिता और आत्मीयता से ही भुजरिया पर्व का यह आयोजन सफल, भव्य एवं यादगार बन सका। इसके लिए वे मंदसौर नगर के समस्त नागरिकों के प्रति भी हृदय से कृतज्ञ हैं।यह जानकारी किन्नर नीलम दीदी द्वारा दी गई।
फोटो