कालिदास सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में सेंट कबीर विद्यालय के 10 विद्यार्थी व शिक्षिका प्रीति तारें को भी मिला सम्मान

Blog

 

मंदसौर/नाहरगढ(तुलसीराम राठौर)–     भारतीय संस्कृति, साहित्य एवं ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कालिदास संस्कृत अकादमी, मध्य प्रदेश संस्कृति परिषद उज्जैन एवं जिला प्रशासन मंदसौर के संयुक्त तत्वावधान में कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में आयोजित कालिदास सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में सेंट कबीर विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं श्रेष्ठ स्थान प्राप्त करने पर सेंट कबीर विद्यालय के 10 छात्र-छात्राओं को जिला प्रशासन एवं कालिदास संस्कृत अकादमी द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति, संस्कृत साहित्य और महाकवि कालिदास के आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती नीता भदौरिया ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञान, व्यक्तित्व एवं सांस्कृतिक चेतना को समृद्ध करती हैं। विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के साथ विद्यालय की शिक्षिकाएं श्रीमती प्रीति तारें एवं श्रीमती ट्विंकल वर्मा भी उपस्थित रहीं। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए श्रीमती प्रीति तारें को भी समारोह में सम्मानित किया गया। यह सम्मान विद्यालय परिवार के लिए विशेष गर्व का विषय रहा।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, कालिदास संस्कृत अकादमी के पदाधिकारी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सम्मान समारोह के पश्चात विद्यालय में खुशी का वातावरण देखा गया तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *