सोनू करबरिया की रिपोर्ट
सोनू करबरिया की रिपोर्ट
नरैनी। नरैनी के बाँदा रोड पर एक गोवंश अज्ञात वाहन की टक्कर से मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा प्रकोष्ठ की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुँची। वहाँ का दृश्य अत्यंत हृदयविदारक था। गोवंश का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था तथा उसके पेट के आंतरिक अंग बाहर निकल आए थे।
घटना की सूचना तत्काल कोतवाली प्रभारी, नरैनी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा तथा नगर पंचायत नरैनी के कर्मचारियों के सहयोग से मृत गोवंश को सम्मानपूर्वक हटाकर उसका विधिवत अंतिम संस्कार कराया गया। इस त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन एवं नगर पंचायत का आभार व्यक्त किया जाता है।
यह अत्यंत गंभीर चिंता का विषय है कि नगर नरैनी एवं आसपास के क्षेत्रों में गोवंश लगातार सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इसका प्रमुख कारण ओवरलोड बालू, गिट्टी, मिट्टी एवं मोरम से भरे ट्रकों तथा ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का तेज गति एवं अवैध रूप से संचालन है। ऐसे वाहन न केवल यातायात नियमों की अवहेलना कर रहे हैं, बल्कि आम नागरिकों एवं बेजुबान गोवंश के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बने हुए हैं।
माननीय जिलाधिकारी, बाँदा द्वारा समय-समय पर ओवरलोड एवं अवैध वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए जाते रहे हैं, किंतु धरातल पर अपेक्षित प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में ऐसी घटनाएँ लगातार होती रहेंगी।
विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा प्रकोष्ठ प्रशासन से निम्न मांग करता है—
नरैनी के चारों रोडो के समस्त प्रमुख मार्गों पर ओवरलोड एवं अवैध रूप से संचालित ट्रक एवं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर नियमित चेकिंग की जाए।
मोटर वाहन अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के अंतर्गत दोषी वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर वाहन जब्त किए जाएँ।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्त, सीसीटीवी निगरानी एवं रात्रिकालीन चेकिंग बढ़ाई जाए।
गोवंश संरक्षण हेतु प्रमुख मार्गों पर चेतावनी संकेतक, स्पीड नियंत्रण एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू किए जाएँ।
साथ ही क्षेत्र के समस्त पशुपालकों एवं नागरिकों से भी विनम्र अपील है कि अपने गोवंश को सड़क पर खुला न छोड़ें। यदि कहीं सड़क पर गोवंश बैठा या खड़ा दिखाई दे तो उसे सुरक्षित स्थान पर पहुँचाने का प्रयास करें। प्रशासन एवं समाज के संयुक्त प्रयासों से ही बेजुबान गोवंश की रक्षा संभव है।
विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा प्रकोष्ठ इस घटना की कड़ी निंदा करता है तथा प्रशासन से अपेक्षा करता है कि दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाएगी।
