कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने उत्कृष्ट सेवा सेतु प्रबंधकों प्रशस्ति-पत्र एवं पौधा भेंट कर किया सम्मानित*

Blog

 

  शिव शर्मा की रिपोर्ट

मोहला । कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने गतदिवस को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सेवा सेतु पोर्टल एवं जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी की सेवाओं के संबंध में सीएससी संचालकों एवं आधार संचालकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं की प्रगति, आधार अपडेट कार्य तथा एग्रीस्टेक पंजीयन अभियान की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों द्वारा सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों की ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के जरिए नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। राज्य शासन का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ डिजिटल माध्यम से प्रत्येक पात्र नागरिक तक शीघ्र एवं प्रभावी रूप से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सभी सीएससी संचालक नागरिकों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं तथा पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने बैठक में उपस्थित सभी सीएससी संचालकों एवं आधार संचालकों को निर्देशित किया कि किसी भी आवेदन को भरते समय संबंधित दस्तावेजों का भली-भांति परीक्षण करें तथा त्रुटिरहित दस्तावेज ही पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। उन्होंने कहा कि लापरवाही अथवा छोटी-सी त्रुटि के कारण आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है, इसलिए प्रत्येक आवेदन पूरी सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ तैयार किया जाए। उन्होंने अपूर्ण दस्तावेज स्वीकार नहीं करने, आवेदकों को आवश्यक जानकारी सही तरीके से उपलब्ध कराने तथा निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं प्रदान करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिले में आधार अपडेट की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने मोबाइल नंबर अपडेट, एमबीयू के माध्यम से आधार अपडेशन, बायोमेट्रिक एवं जनसांख्यिकीय जानकारी के अद्यतन सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आधार सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा पात्र हितग्राहियों के आधार अपडेट का कार्य प्राथमिकता के साथ समय पर पूर्ण किया जाए। साथ ही आधार केंद्रों पर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने एग्रीस्टेक पंजीयन की भी समीक्षा की। उन्होंने सीएससी संचालकों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन कराते हुए प्रगति लाने कहा। उन्होंने कहा कि किसानों को एग्रीस्टेक पंजीयन के लाभों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया जाए तथा पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए ग्राम स्तर पर सक्रियता के साथ कार्य करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं सीएससी संचालकों को आपसी समन्वय के साथ लक्ष्य अनुरूप कार्य करते हुए शासन की डिजिटल सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाले सेवा सेतु प्रबंधकों को प्रशस्ति-पत्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण एवं उनके संरक्षण के लिए सभी को प्रेरित किया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य सहित जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी के संबंधित अधिकारी, सीएससी संचालक, आधार संचालक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *