शैक्षणिक संस्थानों एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का कलेक्टर ने किया निरीक्षण*

Blog

शिव शर्मा की रिपोर्ट

 

मोहला, । कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला मुख्यालय मोहला स्थित लवलीवुड कॉलेज में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से चर्चा कर प्रथम दिवस पर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा सिलाई के क्षेत्र में उत्कृष्ट कौशल अर्जित कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात कलेक्टर ने मानपुर स्थित आईटीबीपी कैंप के रिक्त भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के सभी कक्षों का अवलोकन करते हुए साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वहां शीघ्र ही स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय का संचालन प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने निर्माणाधीन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस सहायता केंद्र भोजटोला का निरीक्षण किया तथा नवीन भवन में संचालित शासकीय हाई स्कूल भोजटोला पहुंचकर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर अध्ययन-अध्यापन की स्थिति देखी तथा विद्यार्थियों से पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। साथ ही मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भोजटोला में निर्माणाधीन महतारी सदन के कार्यों की गुणवत्ता एवं समय-सीमा की जानकारी ली। इसके उपरांत उन्होंने नक्सल पुनर्वास योजना के अंतर्गत निर्मित किए जा रहे आवासों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निर्माणाधीन आईटीआई भवन एवं ट्रांजिट हॉस्टल का भी जायजा लिया। निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी को कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं आधारभूत संरचना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं, ताकि जिले के विद्यार्थियों एवं नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

*क्रमांक-07/20 आर्य —*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *