अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा, । सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बांदा शहर में पुलिस लाइन तिराहे से कालूकुंआ चौराहे तक सड़क पटरी पर किए गए अतिक्रमण (एनक्लोजमेंट) को हटाने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) श्रीचन्द्र चौधरी, नायब तहसीलदार धनंजय कुमार, यातायात प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह, एसएसआई संतोष कुमार चौधरी, यातायात पुलिस एवं भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए गए।
ईओ श्रीचन्द्र चौधरी ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी समय-समय पर जारी रहेगा। उन्होंने सभी दुकानदारों से अपील की कि वे स्वेच्छा से सड़क पटरी पर किए गए अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
ईओ नगर पालिका ने बताया कि मुख्यमंत्री के संभावित बांदा दौरे को देखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गौरतलब है कि 3 और 4 जुलाई को अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल गश्त कर लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए जागरूक किया था। इस दौरान सड़क किनारे ईंट, गिट्टी, बालू, डीजे वाहन एवं चार पहिया वाहन खड़े न करने की हिदायत दी गई। साथ ही सब्जी विक्रेताओं से निर्धारित स्थानों पर ही दुकान लगाने की अपील की गई, ताकि यातायात बाधित न हो, जाम की समस्या से राहत मिले और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि सड़क सुरक्षा और जनहित सर्वोपरि है तथा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
