सोनू करबरिया की रिपोर्ट
नरैनी (बांदा)। जनपद बांदा की जिलाधिकारी जे. रीभा ने मंगलवार को नरैनी तहसील के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी करीब दोपहर 3:00 बजे विकाश खण्ड नरैनी एवं तहसील परिसर पहुंचीं और खण्ड विकाश अधिकारी कार्यालय, एवं तहसील के नजारत कार्यालय, आर.के. दफ्तर, एसआईआर कक्ष सहित अन्य शाखाओं का क्रमवार निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों की स्थिति, कार्यालयों की साफ-सफाई एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। उन्होंने कार्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के संबंध में पूर्व से सूचना होने के कारण तहसील के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तरह सजग एवं व्यवस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने कई पटलों के कर्मचारियों को कार्य में अनावश्यक विलंब न करने और शासन की मंशानुसार कार्य करने की हिदायत दी।
इस अवसर पर खण्ड विकाश अधिकारी प्रमोद कुमार एवं उपजिलाधिकारी अमित शुक्ला, नायब तहसीलदार डॉ. आशीष शुक्ला, यशपाल यादव सहित तहसील के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
