चोरों ने फिर दी पुलिस को चुनौती, जालौन में सातवीं चोरी—एक का भी नहीं हुआ खुलासा

Blog

 

 

राघवेन्द्र शर्मा उरई (जालौन)। शहर में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फर्दनवीस का है, जहां सूने घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों के जेवर, नगदी और इंवर्टर पार कर दिया। खास बात यह है कि बीते दिनों में यह सातवीं चोरी की घटना बताई जा रही है, लेकिन अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
मोहल्ला फर्दनवीस निवासी श्याम किशोर स्वर्णकार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार की शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए थे। घर में महिलाओं के सोने-चांदी के जेवर, कुछ नगदी और गृहस्थी का सामान रखा हुआ था। शुक्रवार की रात किसी समय अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश कर लिया।
चोरों ने घर के कमरे, अलमारी और बक्सों को खंगाल डाला। अलमारी में रखे कीमती जेवर और नगदी चोरी कर ली। इतना ही नहीं, चोर घर में लगा इंवर्टर भी उखाड़ ले गए। सुबह पड़ोसियों ने जब मुख्य दरवाजे का टूटा ताला देखा तो गृहस्वामी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीड़ित परिवार जालौन पहुंचा और तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना पर इंस्पेक्टर क्राइम जगदंबा प्रसाद दुबे और चौकी प्रभारी मनीष तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
कोतवाल आनंद सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस टीम जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया है, जिसकी पहचान और तलाश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।
लगातार हो रही चोरियों से शहरवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त बढ़ाने और रात्रि निगरानी सख्त करने की आवश्यकता है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। अब देखना यह है कि पुलिस इस सातवीं चोरी की घटना का खुलासा कब तक कर पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *