सुनील सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा:। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार किसानों के निजी नलकूपों में होने वाले बिजली के खर्च को कम करने के लिए अब सौर ऊर्जा से चलने वाले सोलर पंपों पर 60 फीसदी तक सब्सिडी दे रही है। वहीं केंद्र सरकार इन पंपों पर 30% तक सब्सिडी दे रही है। और सोलर पंप लग जाने के बाद इन प्लांटों से बिजली का उत्पादन भी होगा। जिसको बेचकर किसान अपनी कमाई को भी बढ़ा सकते हैं। इस योजना के अंतर्गत अनुसूचित जनजाति के वनटांगिया व मुसहर किसानों को सरकार शत प्रतिशत सब्सिडी दे रही है।
*पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत निजी नलकूपों में लगाये जा रहे हैं अपग्रेड सोलर पंप*
दरअसल पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार व केंद्र सरकार किसानों के निजी नलकूपों में अपग्रेड सोलर पंप लगाने में 90 फीसदी तक सब्सिडी दे रही है। जिसमें राज्य सरकार 60 फीसदी तक तथा केंद्र सरकार 30 फीसदी तक सब्सिडी दे रही है। योजना के अंतर्गत 3 एचपी के सोलर पंप की लागत 2.65 लाख, 5 एचपी के पंप की लागत 4.50 लाख, साढ़े 7 एचपी के पंप की लागत 6.23 लाख है। जिसमें किसान का सिर्फ 10 फीसदी ही पैसा लगेगा। वही इस योजना का लाभ उठाने के लिए किसान के लिए अनिवार्यता यह है कि किसान के पास बिजली का कनेक्शन होना चाहिए और मीटर भी लगा होना चाहिए। नलकूप में 3 हॉर्स पावर पंप की क्षमता के लिए 3.5 किलो वाट का सोलर प्लांट, 5 हॉर्स पावर पंप की क्षमता के लिए साढ़े 7 व साढ़े 7 हॉर्स पावर की क्षमता के लिए 11.2 किलोवाट का सोलर प्लांट लगेगा। और यह सोलर प्लांट प्रति किलो वाट 4 यूनिट बिजली पैदा करेगा और किसान खर्च के बाद जो बिजली बचेगी उसको बेचकर अपनी आय बढ़ा सकते हैं।
*50 किसानों ने योजना का लाभ लेने के लिए किया था आवेदन, 44 मिले पात्र*
प्रभारी परियोजना अधिकारी (नेडा) पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में जिले में 50 किसानों ने इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया था। और आवेदन के बाद विभाग के द्वारा सत्यापन में 44 किसान पात्र पाए गए। जिसमें से 18 किसानों के नलकूपों में प्लांट लगाए जा चुके हैं। और जो भी किसान बचे हैं उनके यहां प्लांट लगाने का कार्य चल रहा है जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
