गौशालाओं के भ्रमण में खुली पोल, मृत व घायल गौवंश मिले, टंकियों पर जमी काई
बांदा। विश्व हिंदू गौरक्षा समिति के जिला प्रवक्ता उमेश तिवारी एवं तहसील अध्यक्ष सोनू करवरिया ने महुआ ब्लॉक की रिसौरा, तरखरी और नौहाई स्थित गौशालाओं का औचक भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान जो स्थिति सामने आई उसने संचालकों की कार्यप्रणाली की हकीकत खोल दी। रिसौरा गौशाला में जहां भूसा पर्याप्त मात्रा में मिला वहीं एक मृत गौवंश लावारिस पड़ा मिला जिसे कुत्ते नोच रहे थे, जबकि एक गौवंश की आंख घायल अवस्था में मिली। तरखरी गौशाला में केयरटेकर मौजूद तो रहे और भूसा व आहार डलवाया भी गया, लेकिन दलदल की वजह से गौवंशों के बैठने की व्यवस्था बेहद बदहाल मिली। नौहाई गौशाला में दो केयरटेकर तो मौजूद थे मगर एक खंड खाली पड़ा मिला तथा दूसरे में केवल सूखा भूसा रखा पाया गया।
साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई। तीनों गौशालाओं की पानी की टंकियां गंदी मिलीं। विशेषकर रिसौरा और नौहाई की टंकियों में मोटी काई जमी हुई थी, जिससे साफ जाहिर हो रहा था कि महीनों से सफाई नहीं कराई गई। जिला प्रवक्ता उमेश तिवारी ने स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संचालकों को कड़ी हिदायत दी कि तुरंत साफ-सफाई और मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करें, अन्यथा इसकी शिकायत प्रशासन को भेजी जाएगी।
गौशालाओं के भ्रमण में सामने आई इन खामियों ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि गौवंशों की सेवा के नाम पर चल रही योजनाएं आखिर जमीनी स्तर पर क्यों दम तोड़ रही हैं।
