भाजपा और कांग्रेस के जिला अध्यक्ष के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

Blog

           

 

         अंबिकापुर। सरगुजा जिले के भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया और कांग्रेस के जिला महामंत्री राजीव अग्रवाल के खिलाफ जमीन खरीदी बिक्री मामले में धोखाधड़ी के केस में कोर्ट के आदेश के बाद सात लोगों के खिलाफ गांधीनगर थाना में मामला दर्ज किया गया है। इन सभी पर जमीन के तय राशि विक्रेता को नहीं देने का आरोप है।
अंबिकापुर भगवानपुर निवासी चंद्रमणी कुशवाहा और भैयाथान निवासी कलावती कुशवाहा ने वकील के माध्यम से सीजीएम न्यायालय में फर्जीवाड़े को लेकर परिवाद पेश किया था। परिवाद में बताया गया कि दोनों बहनें अनपढ़ हैं और गृहिणी हैं, उनकी भगवानपुर स्थित पैतृक भूमि, रकबा 2.870 हेक्टेयर के राजस्व अभिलेखों में भाई रघुवर कुशवाहा और छतरू कुशवाहा का नाम दर्ज था। दोनों बहनों ने राजस्व अभिलेखों में नाम चढ़वाने और बंटवारे के लिए वकील दिनेश कुमार सिंह से संपर्क किया। दोनों के भाई बंटवारे के लिए सहमत नहीं थे। वकील दिनेश सिंह पर विश्वास करते हुए उन्होंने सभी दस्तावेज उन्हें सौंप दिए। वकील ने दोनों बहनों को दोबारा बुलाकर एक भूमि बिक्रीनामा 21 नवंबर 2016 को उपपंजीयक कार्यालय अंबिकापुर में कराया। यह बिक्रीनामा 1,13,00,000 रुपए में हुआ है जिसमें 5,50,000 रुपए की राशि देना लिखा गया। राशि की पावती के रूप में इसी बिक्रीनाम को माना गया है जबकि दोनों को मात्र 50,000 रुपए की राशि बिक्रीनामा के समय प्रदान की गई है। बिक्रीनामा के दौरान चेक से राशि का भुगतान किया जाना था, लेकिन कोई भुगतान चेक से नहीं किया गया। बिक्रीनामा में भारत सिंह सिसोदिया, रविकांत सिंह, नीरज प्रकाश पांडेय, राजेश सिंह और नीलेश सिंह ने बतौर गवाह हस्ताक्षर किया है। मामले में कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *