सात वर्षीय मासूम बालिका के साथ हुई जघन्य घटना पर विनय दुबेला ने जताया गहरा शोक, 

  lमंदसौर / नाहरगढ़ (तुलसी राम राठौर ) 

lमंदसौर जिले के गरोठ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लुक्का में सात वर्षीय मासूम बालिका के साथ हुई हृदयविदारक एवं अमानवीय घटना ने संपूर्ण समाज को झकझोर कर रख दिया है। इस अत्यंत दुखद घटना से मन व्यथित है। एक मासूम बच्ची के साथ इस प्रकार की घटना सभ्य समाज के लिए गहरी चिंता और पीड़ा का विषय है।

भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष विनय दुबेला ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएँ प्रकट की हैं। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। परिवार को न्याय दिलाना और उन्हें हरसंभव सहयोग, सुरक्षा एवं संबल प्रदान करना हम सभी का सामाजिक दायित्व है।

विनय दुबेला ने माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी से विशेष अनुरोध किया है कि इस प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन करवाया जाए, ताकि मामले की सुनवाई समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर हो और दोषियों को बिना किसी विलंब के कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाई जा सके। उन्होंने मांग की कि जघन्य अपराध की पुष्टि एवं दोष सिद्ध होने पर प्रचलित कानून के प्रावधानों के अनुसार दोषियों को मृत्युदंड (फांसी) सहित अधिकतम कठोर दंड दिलाने की प्रभावी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने शासन-प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, आवश्यक सुरक्षा, उचित कानूनी सहायता एवं निरंतर सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि इस असहनीय पीड़ा की घड़ी में परिवार स्वयं को अकेला महसूस न करे।

दुबेला ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज में ऐसी अमानवीय घटनाओं के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। हमें ऐसा वातावरण निर्मित करना होगा, जहां प्रत्येक बेटी निर्भय होकर जीवन जी सके और प्रत्येक परिवार अपनी बेटियों की सुरक्षा के प्रति आश्वस्त रह सके। ऐसे अपराधों के विरुद्ध समाज की एकजुटता, प्रशासन की तत्परता और न्याय व्यवस्था की प्रभावी कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में न्याय केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शीघ्र, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से पीड़ित परिवार को न्याय का वास्तविक भरोसा मिलना चाहिए। दोषियों को ऐसा कठोर दंड मिले जो समाज में कानून का भय स्थापित करे और भविष्य में इस प्रकार के अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने में प्रभावी हो।

अंत में उन्होंने दिवंगत मासूम बिटिया को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
फोटो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *