शिव शर्मा की रिपोर्ट
मोहला, । ग्राम पंचायत मुरारगोटा के आश्रित ग्राम गुबियागढ़ के पारा-हेलकट्टा एवं पोयापारा के ग्रामीणों ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री उज्जवल पोरवाल से भेंट कर गांव की समस्याओं एवं पंचायत स्तर पर हुए विकास कार्यों को लेकर शिकायतें रखीं। ग्रामीणों ने पुल-पुलिया, सीसी रोड, नाली, नल-जल, गली एवं स्ट्रीट लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं के निराकरण की मांग की। साथ ही पिछले लगभग 10 वर्षों में पंचायत निधि से हुए कार्यों एवं व्यय की जांच की मांग भी रखी।
ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत सीईओ श्री उज्जवल पोरवाल ने निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया है। जांच दल को मौके पर जाकर सभी बिंदुओं की जांच कर 05 कार्यालयीन दिवस के भीतर स्पष्ट अभिमत सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच दल में एसडीएम मानपुर को अध्यक्ष, जिला अंकेक्षक तथा सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी को सदस्य बनाया गया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास, VB-G RAM-G एवं NRLM जैसी योजनाओं का पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।