अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। मानवता और सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब 9 माह के मासूम दिव्यांश गुप्ता, जो रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती है, को तत्काल O नेगेटिव रक्त की आवश्यकता पड़ी। परिवार के किसी भी सदस्य का रक्त समूह O नेगेटिव नहीं था। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब शहर के जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंकों में भी यह दुर्लभ रक्त समूह उपलब्ध नहीं था।
जैसे ही यह सूचना समाजसेवी संस्था सेवर्स ऑफ लाइफ के अध्यक्ष सलमान खान तक पहुंची, उन्होंने तुरंत संस्था के रक्तदाता समूह में रक्त की मांग साझा की। संदेश देखते ही संस्था के मीडिया प्रभारी आसिम अल्वी ने तत्परता दिखाते हुए बताया कि उनकी पत्नी डॉ. मेहनाज नासिर O नेगेटिव रक्तदाता हैं और वे तुरंत जिला अस्पताल ब्लड बैंक पहुंच रही हैं।
कुछ ही समय में डॉ. मेहनाज नासिर जिला अस्पताल ब्लड बैंक पहुंचीं और 9 माह के मासूम दिव्यांश के जीवन को बचाने के लिए रक्तदान किया। विशेष बात यह रही कि यह उनका पहला रक्तदान था, जिसे उन्होंने मानव सेवा के उद्देश्य से समर्पित किया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष सलमान खान, महासचिव सुनील सक्सेना एवं उपाध्यक्ष आसिफ अंसारी भी उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. मेहनाज नासिर के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।
डॉ. मेहनाज नासिर का यह निस्वार्थ योगदान समाज के लिए प्रेरणा है और यह संदेश देता है कि समय पर किया गया रक्तदान किसी के जीवन की सबसे बड़ी उम्मीद बन सकता है।
