बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। गुरूवार की रात आई तेज आंधी और बारिश में नगर व ग्रामीण क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। झंडा चौराहे पर लगा 70 फीट ऊंचा झंडे का टावर मुड़ गया। पेड़ों के साथ टिन शैड, और मोबाइल टावर गिरकर क्षतिग्रस्त हुए। एक मकान का छज्जा गिरने से एक पिकअप गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई।जालौन से हरदोई गूजर होते हुये झाँसी से मिलाने बाली सडक पर क ई जगह पेड गिरने रास्ता अवरुद्ध हुआ।एसडीएम ने नगर में भ्रमण कर नुकसान का जायजा लिया।

गल्ला मंडी में भीगा गेंहू।
गुरूवार की रात करीब 11 बजे अचानक मौसम में परिवर्तन हुआ। पहले तेज रफ्तार में धूल भरी आंधी चली। इस आंधी ने नगर व ग्रामीण क्षेत्र में काफी नुकसान पहुंचाया। नगर में झंडा चौराहे के नाम को सार्थक करता लगता 70 फीट ऊंचा झंडे का टावर मुड़कर क्षतिग्रस्त हो गया। नीचे से लगभग दो फीट ऊपर से टावर मुड़कर एक ओर 90 डिग्री से अधिक झुक गया। गनीमत रही कि टावर किसी दुकान या छत पर नहीं टकराया नहीं तो अधिक नुकसान की आशंका थी। इसके अलावा छत्रसाल रोड पर डॉ. आलोक गुर्जर के पास मकान के छज्जे की बाउंड्रीबाल टूटने से उसके नीचे खड़ी पिकअप गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।

उरई रोड पर मिथला कोल्ड स्टोर की टिन शैड उड़ गई। चुंगी नंबर चार के पास एक इमारत की टिन शैड उड़कर फोरलेन की एक लेन में उ़ड़कर गिर गई। जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा है। आंधी में इसी रोड पर एयरटेल का टावर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। नगर की कई दुकानों के बाहर लगे साइन बोर्ड भी आंधी मंे उड़ गए। छत्रसाल रोड पर फोन लेन पर शाहगंज जाने वाले रास्ते के किनारे पर रखी चाय, पान की दुकान के टिन शैड आंधी में उड़ गए। गल्ला मंडी में भी लगभग 700 से 800 बोरी पानी में भीग गईं। हालत यह थी सुबह हर जगह सामान बिखरा हुआ नजर आ रहा था। सुबह नुकसान का जायजा लेने के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही और सीओ शैलेंद्र बाजपेई ने नगर में भ्रमण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
