सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट
उरई। शक्ति आराधना के पावन पर्व नवरात्रि एवं विजयदशमी के अवसर पर शहर को आकर्षक और उत्सवी स्वरूप देने के लिए उरई विकास प्राधिकरण द्वारा विशेष पहल की गई है। उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण/जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर शहर के सात प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण कराते हुए आकर्षक लाइटें एवं रंग-बिरंगी झालरें लगवाई गई हैं। रोशनी से जगमगाते चौराहे शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ ही त्योहारों की रौनक में चार चांद लगा रहे हैं।विकास प्राधिकरण द्वारा पटेल चौराहा, डॉ. भीमराव अंबेडकर चौराहा, भगत सिंह चौराहा, शिवाजी चौक, राणा प्रताप चौराहा, रानी लक्ष्मीबाई चौक तथा जिला परिषद तिराहा को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया है।
प्रमुख स्थानों पर की गई यह सजावट लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है और शहर में पर्वों का उल्लासपूर्ण वातावरण नजर आ रहा है। जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर की गई इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ नागरिकों को स्वच्छ, व्यवस्थित और आकर्षक नगरीय वातावरण उपलब्ध कराना है। नवरात्रि और विजयदशमी के अवसर पर शहर के प्रमुख चौराहों की जगमगाहट उरई की सुंदरता को नई पहचान दे रही है।