नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग से मिले सकारात्मक परिणाम, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता हुई कम*

Blog

शिव शर्मा की रिपोर्ट

 

मोहला   ।     मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव अब गांव-गांव में दिखाई देने लगा है। किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक खाद-बीज समय पर उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से कृषकों का विश्वास मजबूत हुआ है। जिले में सहकारी समितियों के माध्यम से खाद एवं बीज की सरल, सहज और सुगम उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, जिससे किसान आगामी खरीफ सीजन की तैयारियां समय पर कर पा रहे हैं।

इसी क्रम में मोहला विकासखंड के ग्राम कुम्हली निवासी कृषक श्री भूषणराम ठाकुर शासन की किसान हितैषी योजनाओं एवं कृषि विभाग की बेहतर व्यवस्थाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। लगभग 16 एकड़ कृषि भूमि पर खेती करने वाले श्री ठाकुर वर्षों से धान की खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। खरीफ सीजन की तैयारियों के तहत वे हाल ही में सहकारी समिति पहुंचे, जहां उन्हें आवश्यक खाद एवं बीज आसानी से उपलब्ध हो गए। श्री भूषणराम ठाकुर ने बताया कि खेती का मौसम शुरू होते ही किसान कृषि कार्यों की तैयारियों में जुट जाते हैं। ऐसे समय में खाद एवं बीज की समय पर उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज का भंडारण किया गया है तथा किसानों को व्यवस्थित रूप से इनका वितरण किया जा रहा है। इससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि अपने खेतों में उन्होंने नैनो डीएपी और नैनो यूरिया का उपयोग किया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। साथ ही नैनो उर्वरकों के उपयोग से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता भी कम हुई हैं। श्री ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। खाद-बीज की उपलब्धता, कृषि आदानों का सुचारू वितरण तथा किसानों के हित में संचालित योजनाओं से खेती करना पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक और लाभकारी हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के प्रयासों से किसानों में खेती-किसानी को लेकर नई ऊर्जा और आत्मविश्वास मिला है। जिले में किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयास ने केवल कृषि उत्पादन बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *