सुनील सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा, 1 जून 2026 से उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन से संबद्ध जिला कबड्डी एसोसिएशन बांदा द्वारा आयोजित 15 दिवसीय कबड्डी समर कैंप सीजन-7 का जिला कबड्डी एसोसिएशन बांदा के कोषाध्यक्ष सुनील सक्सेना, कब्बडी कोच/सचिव कमल सिंह यादव एवं भूत पूर्व सैनिक द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
1 जून से 15 जून तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में कुल 81 बालक एवं बालिकाएं प्रतिभाग कर रहे हैं, जो अब तक के सभी समर कैंपों में सर्वाधिक संख्या है।
इस शिविर में 7 वर्ष आयु वर्ग से लेकर सब-जूनियर नेशनल एवं सीनियर नेशनल स्तर के खिलाड़ी भी शामिल हैं।
उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों ने क्रॉस कंट्री रोड रनिंग में भाग लिया दौड़ का मार्ग जे.एन. कॉलेज से प्रारंभ होकर बिजली खेड़ा, कालूकुआं, बाबूलाल चौराहा, खूंटी चौराहा, अतर्रा चुंगी, नरैनी रोड, मेडिकल कॉलेज तक रहा तथा वापसी में इसी मार्ग से होते हुए जे.एन. कॉलेज कबड्डी ग्राउंड पर समाप्त हुआ।
क्रॉस कॉन्ट्री के उपरांत सभी खिलाड़ियों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया गया, जिसमें काजू, किशमिश, बादाम, मखाना, पिस्ता युक्त दूध, दलिया, ब्रेड-मक्खन, केले, चना, सोयाबीन, मूंगफली, मूंग एवं सलाद शामिल रहे।
जिला कबड्डी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि 15 दिनों तक चलने वाले इस शिविर में खिलाड़ियों को कबड्डी की तकनीकी बारीकियों के साथ-साथ अन्य खेल गतिविधियों एवं मनोरंजक कार्यक्रमों से भी जोड़ा जाएगा। ये कैंप बांदा सहित महोबा एवं चित्रकूट जनपद में भी किए जायेंगे।समर कैंप अपने सातवें सीजन में पहुंच चुका है और यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके लगभग एक दर्जन खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर चुके हैं।
खिलाड़ियों के लिए यह शिविर विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यहां उन्हें पूरे वर्ष उपयोगी नई तकनीकों एवं खेल कौशल को सीखने का अवसर प्राप्त होता है। इस कारण बच्चों को हर वर्ष इस समर कैंप का बेसब्री से इंतजार रहता है।
उद्घाटन समारोह में जिला कबड्डी एसोसिएशन बांदा के कोषाध्यक्ष सुनील सक्सेना, सचिव कमल सिंह यादव सहित अनेक खेल प्रेमी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
