अनिल कुमार प्रभाकर की रिपोर्ट
उरई, जालौन : पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह द्वारा क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारीगण के साथ गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न थानों एवं कार्यालयों में आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए थाना स्तर पर ही प्रभावी कार्यवाही की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनकी प्रगति की निगरानी सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारीगण को जनसंपर्क बेहतर बनाने, जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए भी निर्देशित किया गया। वर्चुअल जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं के समाधान की दिशा में यह एक प्रभावी पहल साबित हो रही है।
